पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा, जाखड़ ने करीब 2 लाख वोटों से दर्ज की जीत
|
पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस वापस लौट आई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दिवंगत सांसद विनोद खन्ना की मृत्यु के बाद इस सीट पर उप-चुनाव हुआ था, जिसमें कांग्रेस को सफलता हाथ लगी है। कांग्रेसी उम्मीदवार सुनील जाखड़ ने 1 लाख 93 हज़ार 219 वोटों से बीजेपी उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया को मात दी है। वहीं तीसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सुरेश खजूरिया रहे। यहां कांग्रेस के जाखड़ को जहां 4 लाख 99 हजार 752 वोट, बीजेपी के सवर्ण सलारिया को 3 लाख छह हजार 533 वोट, तो वहीं AAP उम्मीदवार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सुरेश खजूरिया को महज 23 हजार 579 वोट मिले। इस दौरान 7 हजार 587 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। विनोद खन्ना इस सीट से लगातार तीन बार सांसद रहे। विनोद खन्ना ने वर्ष 1998 में पहली बार लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की, जिसे उन्होनें 1999 और 2004 में फिर से दोहराया।


